हरिद्वार(श्रवण गिरी)। श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा के दौरान पतंजलि स्थित हनुमंथ आस्था धाम एवं अमित सैनी आस्था हेल्प सेंटर में आयोजित विशाल कांवड़ भंडारे में हरिद्वार के मुख्य विकासाधिकारी (सीडीओ) डॉ. ललित नारायण मिश्रा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों को प्रसाद वितरित कर धर्मलाभ अर्जित किया तथा उनकी सेवा कर पुण्य प्राप्त किया।
कार्यक्रम में भाजपा कलियर विधानसभा संयोजक मुनीश सैनी भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था, सेवा और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण है। शिवभक्तों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और ऐसे भंडारे समाज में सहयोग एवं मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।

सीडीओ डॉ. मिश्रा ने भंडारे की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि कांवड़ियों की सेवा में जुटे सभी स्वयंसेवक एवं आयोजक बधाई के पात्र हैं। उन्होंने भगवान शिव से सभी श्रद्धालुओं की सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
भंडारे में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति द्वारा मुख्य विकासाधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, स्वयंसेवक एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

