कांवड़ यात्रियों को दी शुभकामनाएं, यात्रा में अनुशासन और सुरक्षा बनाए रखने की अपील
धनौरी(श्रवण गिरी)। हर-हर महादेव के जयघोष और भक्तिमय वातावरण के बीच धनौरी स्थित श्री शिव विशाल भंडारे में पिरान कलियर विधानसभा संयोजक मुनीष सैनी पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के उपरांत मुनीष सैनी ने शिवभक्तों को प्रसाद वितरित किया तथा भंडारे में सेवा करते हुए श्रद्धालुओं का स्वागत किया। भंडारे में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भक्ति और सेवा के इस आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस दौरान मुनीष सैनी ने हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर जा रहे कांवड़ यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करें और उनकी यात्रा मंगलमय हो।
उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन, आपसी भाईचारे और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी शिवभक्तों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी सफल एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।


