हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर 22 किलोमीटर पैदल यात्रा पर ऋषिकेश रवाना, वीरभद्र मंदिर में करेंगी रुद्राभिषेक
हरिद्वार(नीति शर्मा)। उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य ने सोमवार को हरकी पैड़ी से कांवड़ यात्रा की शुरुआत की। वर्ष 2036 में भारत को ओलंपिक खेलों की मेजबानी मिलने और देश को खेलों के क्षेत्र में विश्व की महाशक्ति बनाने के संकल्प के साथ उन्होंने गंगाजल उठाया और ऋषिकेश के लिए 22 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर रवाना हुईं।
यात्रा शुरू करने से पहले खेल मंत्री ने हरकी पैड़ी पर मां गंगा का पूजन-अर्चन कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। विधि-विधान से पूजा के बाद उन्होंने गंगाजल भरा और “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच कांवड़ यात्रा प्रारंभ की। इस दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और श्रद्धालु भी उनके साथ मौजूद रहे।
कार्यक्रम में श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज, श्रीमहंत हरि गिरी महाराज तथा महेश पुरी महाराज सहित कई संत-महात्मा उपस्थित रहे।

रेखा आर्य ने कहा कि उनका पहला संकल्प प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी भारत को मिलना और उसका सफल आयोजन होना है। दूसरा संकल्प भारत को खेलों के क्षेत्र में विश्व की अग्रणी खेल शक्ति के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से दोनों संकल्प अवश्य पूरे होंगे।

संत समाज ने भी खेल मंत्री के संकल्प और उनकी आस्था की सराहना की। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि खेलों के माध्यम से देश का गौरव बढ़ाना भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना की कि भारत खेल जगत में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे और रेखा आर्य के संकल्प सफल हों।
गौरतलब है कि रेखा आर्य पिछले वर्ष भी हरकी पैड़ी से पैदल कांवड़ यात्रा कर वीरभद्र मंदिर पहुंची थीं। उस समय उन्होंने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का संकल्प लिया था। इस वर्ष उन्होंने 2036 ओलंपिक मेजबानी और भारत को खेल महाशक्ति बनाने का संकल्प लिया है। उनके पति भी इस यात्रा में सहभागी बने हैं और पैदल कांवड़ लेकर उनके साथ चल रहे हैं।

