बहादराबाद(मनोज यादव)। राजकमल साइंस एंड मैनेजमेंट कॉलेज, बहादराबाद में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक कार्यप्रणाली, अनुशासन और गतिविधियों से परिचित कराने के उद्देश्य से दीक्षारंभ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र चौहान ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. चौहान ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालय की उपलब्धियों, शैक्षणिक वातावरण और संस्कारों की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित “एक पेड़ मां के नाम”, “हर घर तिरंगा” और “नशा मुक्त भारत अभियान” की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में वाणिज्य विभागाध्यक्ष विनीत कुमार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के विभिन्न प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को कौशल विकास, रोजगारपरक शिक्षा एवं समग्र व्यक्तित्व विकास के अवसरों से अवगत कराया।
महाविद्यालय की सचिव श्रीमती राजेश देवी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रबंध समिति सदस्य दुष्यंत प्रताप, नितिन चौहान सहित डॉ. दीक्षा चौहान, डॉ. अनिरुद्ध कुमार, प्रवीण कुमार, अजय कुमार, प्रिया सैनी, नैंसी चौहान, अरबाब राव, सिया पाल, समीक्षा, विशाखा सिंह, राजदेव रावत तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
