हरिद्वार(मनोज यादव)। वात्सल्य वाटिका में हरियाली तीज के पावन अवसर पर महिलाओं एवं बहनों के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. दीपा कर्मा शिल्पी एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई। अतिथियों का स्वागत तिलक एवं पटका पहनाकर किया गया। कार्यक्रम में मधुर गीतों की प्रस्तुतियों के साथ झूला कार्यक्रम एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें महिलाओं एवं बहनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। संस्कारशाला की बहनों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
मेहंदी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. दीपा कर्मा शिल्पी ने अपने संबोधन में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अपने करियर एवं उज्ज्वल भविष्य के प्रति सजग रहने तथा लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में समाजसेवी एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़ी अनेक गणमान्य महिलाओं की उपस्थिति रही। मेहंदी प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में ज्योति भट्ट, रीना शर्मा, श्रीजा त्रिपाठी एवं मंजू बलियान शामिल रहीं।
इस अवसर पर महिला प्रमुख नीता नय्यर, यशोदा योजना प्रमुख विमलेश गौड़, संस्कारशाला प्रमुख मानसी सहित वात्सल्य वाटिका के प्रकल्प अधीक्षक संजय धीमान, प्रधानाचार्य दीपक धीमान, कार्यालय प्रमुख आकांशु चौहान एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा जलपान की व्यवस्था की गई। हरियाली तीज का यह आयोजन भारतीय संस्कृति, नारी सम्मान एवं सामाजिक सौहार्द का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।

