देहरादून/रायवाला(अनिल शीर्षवाल)। हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर रायवाला क्षेत्र के मोतीचूर फ्लाईओवर के पास एक थार चालक द्वारा मेडिकल छात्रों और बस चालक को कुचलने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात थार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम हिमालयन इंस्टीट्यूट जौलीग्रांट के मेडिकल छात्रों को लेकर एक बस हरिद्वार जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में एक थार वाहन लगातार बस को ओवरटेक कर रहा था। इस पर बस चालक ने मोतीचूर फ्लाईओवर के पास थार को रुकवाकर चालक से उसकी लापरवाही के संबंध में बात की।
इसी दौरान बस में सवार कुछ मेडिकल छात्र भी नीचे उतर आए और थार चालक की हरकतों पर आपत्ति जताई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस के दौरान बस में बैठी एक छात्रा पूरी घटना का वीडियो बना रही थी।
आरोप है कि इसी बीच थार चालक ने अचानक वाहन को वहां खड़े छात्रों और बस चालक की ओर तेज गति से बढ़ा दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने किसी तरह हटकर अपनी जान बचाई। वीडियो में भी बस चालक को कुचलने के प्रयास का दृश्य दिखाई देने की बात कही जा रही है।
मामले में कनखल निवासी हिमालयन इंस्टीट्यूट की कर्मचारी प्राची शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर रायवाला पुलिस ने अज्ञात थार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रायवाला कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय रावत ने बताया कि घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था। उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध वीडियो की जांच कर रही है।


