धनौरी(श्रवण गिरी)। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। बीते एक माह के भीतर क्षेत्र में चार स्थानों पर चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं होने से लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
ताजा मामला धनौरा गांव का है, जहां गांव के मुख्य गेट के सामने स्थित मार्केट में देर रात अज्ञात चोरों ने एक हार्डवेयर की दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान की पिछली दीवार काटकर अंदर घुसे और दुकान में रखी नकदी के साथ हजारों रुपये मूल्य का हार्डवेयर सामान चोरी कर फरार हो गए।
सुबह जब दुकान स्वामी दुकान पर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। चोरी की सूचना मिलते ही आसपास के व्यापारियों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि पिछले एक माह में लगातार चार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन किसी भी मामले में पुलिस अभी तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। इससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। ग्रामीणों और व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने तथा जल्द से जल्द चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
लगातार हो रही वारदातों ने धनौरी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो चोरों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं।

