हरिद्वार(नीति शर्मा)। उधम सिंह नगर में आयोजित 24वीं प्रादेशिक अन्तर्जनपदीय/वाहिनी पुलिस कुश्ती क्लस्टर (बॉक्सिंग, बॉडी बिल्डिंग एवं आर्म कुश्ती) प्रतियोगिता-2026 में हरिद्वार पुलिस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। टीम रैंकिंग में हरिद्वार पुलिस ने कुश्ती में द्वितीय तथा आर्म कुश्ती में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता से लौटने के बाद पुलिस कार्यालय हरिद्वार पहुंचे खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ से एसएसपी नवनीत सिंह ने मुलाकात कर सभी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए अभी से तैयारी मजबूत करने की सलाह दी और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
महिला कांस्टेबल पूजा भट्ट ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने महिला कुश्ती (56 किग्रा), आर्म रेस्लिंग (56 किग्रा) और बॉडी बिल्डिंग (59 किग्रा) में प्रथम स्थान हासिल कर तीन स्वर्ण पदक जीते।
महिला कुश्ती में कांस्टेबल कविता बुटोला (68 किग्रा), भारती रावत (72 किग्रा) और रजनी बिष्ट (76 किग्रा) ने भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं आर्म रेस्लिंग में भारती रावत ने प्रथम, जबकि कविता बुटोला और रजनी बिष्ट ने द्वितीय स्थान हासिल कर हरिद्वार पुलिस का मान बढ़ाया।


