हरिद्वार(नीति शर्मा)। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा 5 सितंबर 2026 को जनपद हरिद्वार में कहीं-कहीं भारी वर्षा, गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण हरिद्वार मयूर दीक्षित ने जनपद के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 5 सितंबर (शनिवार) को अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि संभावित भारी वर्षा के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और जनहानि की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश के तहत जिले के सभी शिक्षण संस्थान एवं आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
साथ ही सभी तहसीलों एवं संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों या विभागों के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने तथा आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।


