बहादराबाद(मनोज यादव)। क्षेत्र के सुमननगर में भारी वर्षा के कारण उत्पन्न जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय बना हुआ है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन विभाग, तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, पंचायत विभाग, आरकेओ तथा अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें मौके पर डटी हुई हैं और जल निकासी कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि भारी बारिश के बाद प्राप्त शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जलभराव वाले स्थानों पर तेजी से पानी निकालने और प्रभावित नागरिकों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन द्वारा तीन स्तरों पर जल निकासी का कार्य किया जा रहा है। सक्शन मशीनों से पानी निकाला जा रहा है, पंप सेटों के माध्यम से जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की निकासी की जा रही है तथा जेसीबी मशीनों द्वारा नालियों की सफाई और खुदाई कर जल निकासी का मार्ग सुचारु बनाया जा रहा है।
सुमननगर की गली संख्या-03 और 04 में विशेष अभियान चलाया गया है। अधिकारियों के अनुसार पंप सेटों के माध्यम से अब तक लगभग 35 लाख लीटर पानी निकाला जा चुका है। इसके अलावा शिविर के माध्यम से 15 लाख लीटर तथा नमामि गंगे की रुड़की शिविर टीम द्वारा भी लगभग 15 लाख लीटर पानी की निकासी की गई है। वर्तमान में भी राहत एवं जल निकासी कार्य लगातार जारी है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जलभराव पूरी तरह समाप्त होने तक अभियान में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और समस्या के स्थायी समाधान तक आवश्यक कार्रवाई जारी रखेगा।

