भगवानपुर(ब्यूरों)। थाना भगवानपुर पुलिस ने तमंचे के बल पर हुई लूट की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा एक देशी तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 9 सितंबर को डेलना निवासी मनीराम पुत्र चांद सिंह ने थाना भगवानपुर में तहरीर देकर बताया था कि मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवकों ने तमंचा दिखाकर उन्हें आतंकित किया और उनका मोबाइल फोन व 2,420 रुपये नकद लूट लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास के डिजिटल फुटप्रिंट, सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों के संभावित आवागमन मार्गों का विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपितों की तलाश शुरू की गई।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 10 सितंबर को लूट की घटना में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मौहम्मद उमर पुत्र आफताब निवासी माधोपुर थाना गंगनहर, शाहनवीर पुत्र इस्फाक निवासी सिरचन्दी थाना भगवानपुर तथा फैजान पुत्र इरफान निवासी सिकन्दरपुर थाना भगवानपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 1,000 रुपये नकद, हीरो मोटरसाइकिल, 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर दिया है।



