बहादराबाद(श्रवण गिरी)। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शांतरशाह में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब तीन नकाबपोश बदमाशों ने दुकान पर बैठे 26 वर्षीय बाइक मिस्त्री हैप्पी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और स्थानीय लोग उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण हायर सेंटर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
अचानक दुकान पर पहुंचे नकाबपोश बदमाश
बताया जा रहा है कि हैप्पी शांतरशाह क्षेत्र में अपनी मोटरसाइकिल की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और अचानक उस पर फायरिंग कर दी। बदमाशों ने युवक पर दो गोलियां चलाईं। गोली लगते ही हैप्पी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। अचानक हुई फायरिंग की आवाज से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
हायर सेंटर ले जाते समय तोड़ा दम
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही हैप्पी ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाली
घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह और एसएसआई अशोक सिरसवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस बदमाशों के आने और वारदात के बाद फरार होने के रास्तों की भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल गोलीकांड के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
शांतरशाह में दुकान पर बैठे युवक को दिनदहाड़े गोली मारकर तीन नकाबपोश बदमाशों के फरार होने की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और घटना का खुलासा करने की मांग की है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर युवक की हत्या के पीछे क्या वजह थी और वारदात को अंजाम देने वाले नकाबपोश बदमाश कौन थे।
