रुड़की(नीति शर्मा)। मैथोडिस्ट गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, रुड़की में गुरुवार को कंप्यूटर अनुप्रयोग विभाग (बीसीए) द्वारा एंटी ड्रग एक्टिविटी के अंतर्गत पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह एवं प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशे के दुष्प्रभाव, नशामुक्त समाज, स्वास्थ्य पर नशे का प्रभाव तथा नशे से दूर रहने जैसे विषयों पर आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर तैयार किए।

छात्राओं ने अपने पोस्टरों के माध्यम से “नशा छोड़ो, जीवन संवारो” और “नशामुक्त समाज, स्वस्थ समाज” जैसे प्रेरणादायक संदेश दिए। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं की रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता देखने को मिली।
महाविद्यालय की प्रबंधिका एवं प्राचार्या ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया।


