हरिद्वार(नीति शर्मा)। राज्य सरकार के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिला उद्योग केंद्र, हरिद्वार के सभागार में बुधवार को ‘वोकल फॉर लोकल’ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने की, जबकि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक उत्तम कुमार तिवारी द्वारा अतिथियों का स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों, कारीगरों, शिल्पकारों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों द्वारा निर्मित उत्पादों को बढ़ावा देना तथा आमजन को स्थानीय उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर बहादरपुर जट्ट गांव में आयोजित 25 दिवसीय सॉफ्ट टॉय प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रशिक्षणार्थियों को राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने प्रमाण पत्र प्रदान किए। प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए सॉफ्ट टॉय और अन्य स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका सांसद एवं मुख्य विकास अधिकारी ने अवलोकन कर प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में विभिन्न उद्यमियों ने अपने उत्पादों और स्टार्टअप की जानकारी साझा की। मेदांश इंडस्ट्रीज की डॉ. अनु बाला ने पारंपरिक पद्धतियों से तैयार उत्पादों, वैशाली शर्मा ने सामाजिक कार्यों, मोक्षा इंडस्ट्री की विदुषी ने ओडीओपी के अंतर्गत शहद उत्पादों, विभूति ने वस्त्रों पर डिजाइन एवं प्रिंटिंग स्टार्टअप तथा हिमेश कपूर ने ऑटोमोबाइल क्षेत्र से जुड़े उत्पादों की जानकारी दी।
राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने से कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों को बेहतर बाजार उपलब्ध होता है तथा रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ते हैं। वहीं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने उद्यमियों को गुणवत्ता, नवाचार और बेहतर विपणन के माध्यम से अपने उत्पादों को नई पहचान दिलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। इस दौरान विदुषी सैनी, वैशाली शर्मा, अतीत टम्टा, सरिता सिंह, हिमेश कपूर, प्रेम चंद्र सैनी, विभूति, दिनेश चन्द्र आर्य, अखिलेश सती, सुभाष शर्मा सहित अनेक उद्यमी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

