बहादराबाद(मनोज यादव)। राजकमल साइंस एंड मैनेजमेंट कॉलेज, बहादराबाद में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से “21वीं सदी में गांधी की प्रासंगिकता: इतिहास के पन्नों से निकलकर आज की सबसे बड़ी जरूरत” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
मुख्य वक्ता नीलम कंवर, ब्लॉक समन्वयक, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने गांधीजी के मानवतावादी दृष्टिकोण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके विचार समाज में समानता, भाईचारे और विविधता के सम्मान की प्रेरणा देते हैं। वर्तमान समय में गांधीजी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत केवल ऐतिहासिक विचार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और शांति की राह दिखाने वाले मूल्य हैं। उन्होंने शिक्षा को समाज में समानता और प्रगति का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की श्रीमती मोनिका ने विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि आर्थिक रूप से जरूरतमंद छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। सरकारी स्कूलों से 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण पात्र छात्राएं इस योजना का लाभ उठा सकती हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण बेटियों की उच्च शिक्षा बाधित न हो, इसी उद्देश्य से फाउंडेशन इस दिशा में कार्य कर रहा है।
संगोष्ठी के दौरान नीलम कंवर ने गांधीजी के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान तथा नैतिक मूल्यों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों से संवाद किया। मैत्री समूह के युवा साथी तनिष्का शर्मा एवं वंशदीप के साथ रिचा आर्य, फराह, अंतरा चौधरी और निकिता सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने भी गांधी दर्शन और वर्तमान समाज में उसकी उपयोगिता पर अपने विचार साझा किए।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र चौहान ने कहा कि गांधीजी के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वावलंबन, सामाजिक जिम्मेदारी और संवाद जैसे मूल्यों को जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति योजना से छात्राओं को उच्च शिक्षा जारी रखने में सहयोग मिलेगा और उन्हें भविष्य में आत्मनिर्भर बनकर समाज में योगदान देने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

कार्यक्रम में श्रीमती राजेश देवी, सचिव राजकमल कॉलेज, प्रबंध समिति सदस्य दुष्यंत प्रताप व नितिन प्रताप सहित डॉ. दीक्षा चौहान, डॉ. नीरज शर्मा, डॉ. अनिरुद्ध कुमार, प्रवीण कुमार, अजय कुमार, विनीत कुमार, सिया पाल, प्रिया सैनी, नैनसी चौहान, अरबाब राव, समीक्षा, विशाखा, सोनिया सारस्वत, रवि कुमार, भव्या, दुष्यन्त कुमार और राजदेव रावत सहित महाविद्यालय के शिक्षक, स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

