रुड़की(नीति शर्मा)। 84 उत्तराखंड बटालियन रुड़की एनसीसी के निर्देशानुसार ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ के अंतर्गत मैथोडिस्ट गर्ल्स पी.जी. कॉलेज रुड़की की एनसीसी कैडेट्स छात्राओं द्वारा ‘एक घंटा स्वच्छता के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व एनसीसी कार्य प्रभारी डॉ. कोमल ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह एवं प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने कैडेट्स को स्वच्छता की शपथ दिलाकर किया। इसके पश्चात उन्होंने हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता जागरूकता रैली को रवाना किया। प्रबंधिका मिस जे. सिंह ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर विशाल मेगा मार्ट, नगर पालिका, सिविल लाइंस होते हुए शताब्दी द्वार तक पहुंची। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। छात्राओं ने उत्साह एवं जोश के साथ स्वच्छता संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां प्रदर्शित करते हुए “जन-जन की यही पुकार, स्वच्छ भारत हो अपना” तथा “हम सबने यह ठाना है, भारत को स्वच्छ बनाना है” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्राओं ने कचरे एवं प्लास्टिक की पन्नियों से होने वाले दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रवक्तागण श्रीमती पारुल, श्रीमती सुजाता एवं श्रीमती सीमा सहित एनसीसी कैडेट्स छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य जनमानस में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

