हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। शराब के नशे में कार चलाकर राहगीरों और महिलाओं से अभद्रता करने वाले युवकों के खिलाफ बहादराबाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वैगनआर कार सवार युवकों को हिरासत में लिया और उनका मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई।
पुलिस के अनुसार सफेद रंग की वैगनआर कार संख्या DL3CBC9887 में सवार युवक कथित रूप से नशे की हालत में लापरवाही से वाहन चला रहे थे। इस दौरान राहगीरों और महिलाओं से बहस व अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहन को रोककर युवकों को कोतवाली बहादराबाद पहुंचाया।
मेडिकल परीक्षण में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में कार्रवाई की। नशे की हालत में वाहन चलाने के कारण कार को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया तथा नियमानुसार चालान किया गया।
कार्रवाई के दौरान युवकों ने अपने व्यवहार पर खेद व्यक्त करते हुए हाथ जोड़कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने का आश्वासन दिया।
बहादराबाद पुलिस ने कहा कि नशे में वाहन चलाने, सड़क पर हुड़दंग करने तथा आमजन की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

