हरिद्वार(नीति शर्मा)। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित आँगन मिलन सेवा कार्यक्रम में मेयर किरन जैसल ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की सांकेतिक रस्म संपन्न कराई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर मेयर ने बालिकाओं को पोषण बैग वितरित किए और कहा कि बच्चों के शुरुआती वर्षों में उचित पोषण उनके स्वस्थ भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देकर आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ बनाया जा सकता है।
मेयर किरन जैसल ने कहा कि आँगनबाड़ी केंद्र महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सुपरवाइजरों के प्रयासों से महिलाओं और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य तथा जागरूकता संबंधी सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा और पोषण को समाज की साझा जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि स्वस्थ बालिकाएं ही सशक्त समाज का निर्माण करती हैं।

कार्यक्रम में भूपतवाला आंगनबाड़ी सेक्टर की सुपरवाइजर ऋचा गर्ग को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। मेयर ने नंदा गौरा योजना के तहत लाभान्वित बालिकाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी से जुड़े कार्मिक समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस दौरान पार्षद आकाश भाटी, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री दीपांशु विद्यार्थी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रीति गौड़, सुपरवाइजर ऋचा गर्ग, आलोक, देवेश्वरी लखेड़ा, मीनू ठाकुर, आकाश तोमर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। अंत में सभी ने महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

