हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जनपद की सड़कों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गड्ढामुक्त करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित रविवार को स्वयं मैदान में उतरे। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ चंडी चौक, आयरिश पुल, बैरागी कैंप, दक्षद्वीप सहित विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर डामरीकरण एवं पेंचवर्क कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी चिन्हित सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लक्ष्य को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां सड़क मरम्मत कार्य लंबित हैं, वहां श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर कार्यों में तेजी लाई जाए।

डीएम ने चंडी पुल के मरम्मत कार्य का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं आयरिश पुल के समीप क्षतिग्रस्त सड़क का भी निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्यों में तेजी लाने को कहा।
इसके बाद उन्होंने दक्षद्वीप स्थित बैरागी क्षेत्र में निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान पुल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और समयसीमा की जानकारी लेते हुए कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने और कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग द्वारा संचालित कुंभ मेला संबंधी विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आगामी कुंभ मेले की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पेंटिंग और वॉल पेंटिंग कराने, साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत के साथ-साथ सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था भी बेहतर होना आवश्यक है।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक सड़क के पेंचवर्क और डामरीकरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक राष्ट्रीय राजमार्ग विशाल गोयल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार, डिप्टी मैनेजर एनएच प्रज्वल चौहान, कॉन्ट्रैक्टर अमित जैन, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

