हरिद्वार (नीति शर्मा)। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सीवरेज और पेयजल सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए संचालित और प्रस्तावित योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू हो गई है। विधायक आदेश चौहान ने अनुरक्षण शाखा (गंगा) और पेयजल निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में केएफडब्ल्यू योजना के दूसरे चरण के तहत जगजीतपुर क्षेत्र में चल रहे सीवरेज कार्यों की समीक्षा की गई। विधायक ने जिन क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने का कार्य शेष है, वहां जल्द काम पूरा कराने और जहां कार्य पूरा हो चुका है, वहां सड़क कटिंग को तत्काल दुरुस्त कर सड़कों को पूर्व स्थिति में बहाल करने के निर्देश दिए।

केएफडब्ल्यू योजना के तीसरे चरण के अंतर्गत सीतापुर और हरिलोक-राजलोक क्षेत्र में सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य प्रस्तावित है। अधिकारियों ने बताया कि निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस पर विधायक ने इसी माह कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द लाभ मिल सके।
बैठक में करीब 180 करोड़ रुपये की लागत वाली केएफडब्ल्यू योजना के चौथे चरण पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस योजना के तहत सुभाषनगर, टिहरी विस्थापित क्षेत्र, शिवालिकनगर तथा आसपास की कॉलोनियों में सीवरेज लाइन बिछाने और सीवरेज पंपिंग स्टेशन के निर्माण सहित विभिन्न कार्य किए जाने हैं। विधायक ने योजना की अंतिम विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।

इसके अलावा सुभाषनगर, टिहरी विस्थापित, शिवालिकनगर, रामधाम, देवनगर, कृपाल नगर, नवोदय नगर और केशव नगर क्षेत्रों के लिए प्रस्तावित लगभग 125 करोड़ रुपये की जायका पेयजल योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट और सर्वेक्षण पूरा हो चुका है तथा परियोजना प्रबंधन सलाहकार को कार्य सौंपा जा चुका है। विधायक ने आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त कर जल्द निविदा प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि सीवरेज और पेयजल से जुड़ी इन महत्वपूर्ण योजनाओं के पूरा होने से रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं बेहतर होंगी और शहरी विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो तथा सभी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाया जाए।
बैठक में पार्षद नागेंद्र राणा, लक्की वालिया, हरविंद्र सिंह विक्की, वरिष्ठ भाजपा नेता अजय बबली सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

