धनौरी(श्रवण गिरी)। धनौरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज में सोमवार को भवन का एक हिस्सा अचानक ढह जाने से हड़कंप मच गया। हादसे के समय कॉलेज परिसर में पीएसी की एक प्लाटून ठहरी हुई थी। भवन के बाथरूम की ओर स्थित हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर एक पीएसी जवान मलबे में दब गया।

भवन गिरने की तेज आवाज सुनते ही परिसर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी और धनौरी चौकी प्रभारी मुनव्वर हसन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस और राहत एवं बचाव दल ने संयुक्त रूप से मलबा हटाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे जवान को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जवान की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। भवन का हिस्सा अचानक गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच पूरी होने के बाद ही भवन के क्षतिग्रस्त होने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।



