धनौरी(श्रवण गिरी)। धनौरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज में सोमवार को भवन का एक हिस्सा अचानक ढह जाने से हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल पीएसी जवान की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। हादसे के समय कॉलेज परिसर में पीएसी की एक प्लाटून ठहरी हुई थी। भवन के बाथरूम की ओर स्थित हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर एक जवान मलबे में दब गया था।
भवन गिरने की तेज आवाज सुनते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी और धनौरी चौकी प्रभारी मुनव्वर हसन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और राहत एवं बचाव दल ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर मलबे में दबे जवान को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
घायल जवान की पहचान कांस्टेबल कासिम आदिल अहमद पुत्र वकील अहमद निवासी नैटौर, तहसील नजीबाबाद, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। उनकी पत्नी का नाम जीनत बानो है। गंभीर रूप से घायल जवान को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। भवन का हिस्सा अचानक गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जवान के निधन से पीएसी और पुलिस विभाग में शोक की लहर है।


