हरिद्वार(नीति शर्मा)। ज्वालापुर क्षेत्र की लाल मंदिर कॉलोनी में सोमवार देर रात एक पेंट गोदाम में आग लगने से हड़कंप मच गया। गोदाम में पेंट, थिनर समेत अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
बताया गया कि गोदाम बंद होने के कारण दमकल कर्मियों को पहले शटर काटना पड़ा। इसके बाद अंदर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान चलाया गया। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने कई बार पानी की बौछार कर लपटों को नियंत्रित किया।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि आग से गोदाम में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
मायापुर अग्निशमन अधिकारी बीरबल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



