हरिद्वार(नीति शर्मा)। ग्राम जमालपुर कलां में 93वें श्री रामलीला महोत्सव का विधिवत शुभारंभ रविवार को धार्मिक अनुष्ठान एवं फीता काटकर किया गया। ग्राम प्रधान हरेंद्र चौधरी ने पूजा-अर्चना के साथ महोत्सव का शुभारंभ किया और आयोजन की सफलता की कामना की।
रामलीला समिति के अध्यक्ष नवीन (लकी) राजराणा ने बताया कि जमालपुर कलां की रामलीला का इतिहास वर्ष 1934 से जुड़ा हुआ है। इसकी शुरुआत समाजसेवी स्वर्गीय चौधरी छज्जू सिंह अग्रौही एवं स्वर्गीय हरिश चंद गोयल द्वारा की गई थी। तभी से स्थानीय कलाकारों के माध्यम से भगवान श्रीराम की पावन लीलाओं का मंचन लगातार किया जा रहा है और यह परंपरा आज भी श्रद्धा एवं भक्ति के साथ आगे बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि जमालपुर कलां की रामलीला हरिद्वार जनपद की सबसे पुरानी रामलीलाओं में से एक है। इस वर्ष 93वें श्री रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
इस अवसर पर रामलीला समिति के पदाधिकारी, सदस्य, कलाकार एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामलीला का आनंद लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
महोत्सव का शुभारंभ 5 अक्टूबर 2026 से हुआ है, जबकि 21 अक्टूबर 2026 को भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ इसका भव्य समापन किया जाएगा।



