हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। उत्तरी हरिद्वार में लगातार सामने आ रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं के बाद पुलिस ने मंगलवार को बदमाशों की धरपकड़ के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया। हिल बाईपास मार्ग पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध पुलिस के हत्थे चढ़े, लेकिन घेराबंदी होते ही दोनों ने भागने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घायल बदमाश को मौके से दबोच लिया। उसकी पहचान नरेश निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पूछताछ में नरेश ने हरिद्वार में चेन स्नेचिंग की तीन वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है।

पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह ही खड़खड़ी क्षेत्र में एक महिला से चेन लूटकर दो बदमाश फरार हुए थे। इससे पहले भी इसी क्षेत्र में महिला से चेन झपटने की घटना सामने आई थी। वहीं कनखल क्षेत्र में भी चेन स्नेचिंग की वारदात हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं को लेकर पुलिस कप्तान नवनीत सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए बदमाशों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हिल बाईपास मार्ग पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक बदमाशों की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें नरेश के पैर में गोली लगी। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
मौके पर सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी भी पहुंचे। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में कांबिंग अभियान चलाया। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।



