पिरान कलियर(श्रवण गिरी)। हरिद्वार जनपद में अपराधियों और वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत पिरान कलियर कोतवाली पुलिस ने गौकशी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में वांछित अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 19 अक्टूबर 2026 को पिरान कलियर पुलिस टीम ने गौवंश संरक्षण अधिनियम से संबंधित मुकदमा संख्या 109/26 की धारा 3/5/11 के तहत वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तालिब पुत्र जमील (45 वर्ष) और फौजी उर्फ अफरोज उर्फ महताब पुत्र शराफत (30 वर्ष), निवासी ग्राम पलूनी, कोतवाली पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार गोला, कांस्टेबल सुनील चौहान, कांस्टेबल राहुल चौहान और कांस्टेबल कुलदीप सिंह शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



