देहरादून(नीति शर्मा)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भैयादूज के पावन पर्वों की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि ये पर्व भारतीय संस्कृति, परंपराओं और आपसी प्रेम एवं सद्भाव के प्रतीक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धनतेरस आरोग्यता के देवता भगवान धन्वंतरी की पूजा का पर्व है। भगवान धन्वंतरी सभी के जीवन में सुख-समृद्धि एवं आरोग्यता प्रदान करें। उन्होंने दीपावली को सुख, समृद्धि और संपन्नता का प्रतीक बताते हुए कहा कि मां लक्ष्मी एवं भगवान श्री गणेश के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता का संचार हो।

स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने का किया आह्वान
उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा समाज एवं देश के आर्थिक और सांस्कृतिक संसाधनों के संरक्षण का प्रतीक है। वहीं, भैयादूज का पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम, मातृशक्ति के सम्मान तथा परिवार एवं समाज में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से प्रदेश की महिलाओं को भैयादूज की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ एवं स्वदेशी अपनाने के मंत्र को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। स्थानीय उत्पादों की खरीद से शिल्पकारों, कुटीर उद्योगों और महिला स्वयं सहायता समूहों को भी सीधा लाभ मिलता है।



