देहरादून(अनिल शीर्षवाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित दीपावली महोत्सव में प्रतिभाग कर प्रदेश के पत्रकारों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि प्रदेश में तहसील, जिला एवं राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही पत्रकारों को मिलने वाली पेंशन की राशि में भी वृद्धि की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज तथा सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही आमजन की समस्याओं और अपेक्षाओं को सरकार के सामने रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है। पत्रकारों से मिलने वाले सुझाव और फीडबैक सरकार एवं प्रशासन को योजनाओं के धरातलीय प्रभाव को समझने में मदद करते हैं। उन्होंने देवर्षि नारद की संवाद परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि पत्रकार अपने दायित्वों का समर्पण और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन कर रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच फेक न्यूज एवं भ्रामक सूचनाएं बड़ी चुनौती बन रही हैं। ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है कि वे तथ्यों की पुष्टि के बाद ही सही, सटीक और निष्पक्ष जानकारी जनता तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय सुविधाओं के लिए विभिन्न स्तरों पर कदम उठाए गए हैं। सरकार द्वारा पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि भी ₹5 करोड़ से बढ़ाकर ₹10 करोड़ की गई है। वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा का भी ध्यान रखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मीडिया सेंटरों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और प्रेस क्लबों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उत्तराखण्ड को विकास के साथ जनसंचार के क्षेत्र में भी मजबूत पहचान दिलाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने पत्रकारों से प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर रचनात्मक सहयोग जारी रखने की अपील की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय सिंह राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।




