रुड़की(श्रवण गिरी)।कलियर थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और दूसरी शादी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी करीब आठ वर्ष पूर्व थाना भगवानपुर क्षेत्र के किशनपुर गांव निवासी युवक से हुई थी। शादी के समय महिला के परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था, इसके बावजूद पति द्वारा दहेज कम लाने के ताने देकर गाली-गलौज और मारपीट की जाती रही।
महिला ने बताया कि करीब चार साल पहले उसने अपने आभूषण बेचकर और नकद धनराशि जुटाकर पति को किस्तों पर एक कार दिलवाई थी, जो पति के नाम पर ही ली गई थी। करीब एक वर्ष पूर्व पति उसे छोड़कर चला गया और बाद में पता चला कि उसने दूसरी महिला से शादी कर ली है तथा उसी के साथ रह रहा है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि कार उसके पास ही थी, जो 30 दिसंबर को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार को मरम्मत के लिए गैराज में खड़ा कराया गया था। तीन जनवरी को जब वह कार लेने गई तो वहां पति और उसके साथ आए कुछ अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इस संबंध में सिविल लाइन कोतवाली रुड़की में शिकायत दर्ज कराई गई थी। दो फरवरी को पुलिस द्वारा कार को सिविल लाइन कोतवाली रुड़की में लाकर खड़ा कराया गया।
महिला ने कलियर थाने में तहरीर देकर पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
