हरिद्वार(नेहा शर्मा)।हरिद्वार में यूथ कांग्रेस के नेतृत्व में आज धामी सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज के प्रेम नगर आश्रम के बाहर सरकार का पुतला दहन किया गया।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य की धामी सरकार जनपद हरिद्वार के साथ सौतेला और भेदभावपूर्ण व्यवहार कर रही है। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव चौधरी और वरिष्ठ नेता सोम त्यागी ने कहा कि हरिद्वार की जनता इस अन्याय को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी और पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार बजट आवंटन में विपक्षी विधायकों के साथ भेदभाव कर रही है और ठेकेदारों के प्रस्तावों को जिला योजना में शामिल कर रही है। उनका कहना है कि इससे प्रदेश में भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ रहा है।
यूथ कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष गौरव चौहान और महानगर महासचिव सार्थक ठाकुर ने कहा कि अधिकारियों की कार्यशैली जनविरोधी हो गई है और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने जिला योजना की बैठक में प्रभारी मंत्री के व्यवहार को निंदनीय बताया।
पूर्व जिला उपाध्यक्ष निखिल सौदाई और पूर्व प्रदेश सचिव सागर बेनीवाल ने कहा कि हरिद्वार की जनता सब देख रही है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी। वहीं, विकास चंद्रा और सौरभ सैनी ने कहा कि हरिद्वार प्रदेश को सबसे अधिक राजस्व देता है, लेकिन विकास के नाम पर सबसे कम बजट दिया जाता है।
वरिष्ठ नेता महेश प्रताप राणा और राजबीर सिंह चौहान ने कहा कि जिला योजना समिति की बैठक में विपक्षी विधायकों की अनदेखी लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधियों की आवाज़ को ही दबाया जाएगा तो जनता की समस्याएं कैसे सुनी जाएंगी।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि हरिद्वार के साथ भेदभावपूर्ण रवैया जारी रहा तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इस अवसर पर कृतिक बिरला, सोहित सेठी, हिमांशु गुप्ता, सुनील कुमार, मोहित चंचल, राजू चित्कारा, मनोज जाटव, कार्तिक शर्मा, निकुंज, विशु सौदाई, वासु, आरिफ, शहजाद, चांद, राजा टांक, जानू सिंह श्रीलाल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
