हरिद्वार(नीति शर्मा)। जनपद में सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान रानीपुर विधायक आदेश चौहान भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान डीएम और विधायक ने जमालपुर खुर्द, ब्रह्मपुरी रावली महदूद, मीनाक्षी पुरम और नील खुदाना ज्वालापुर सहित कई इलाकों का दौरा किया। नालों और नालियों में जमा कूड़ा-कचरा तथा उन पर हुए अतिक्रमण को देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग और नगर निकायों को निर्देश दिए कि संबंधित क्षेत्रों में नालों और नालियों की सफाई के लिए तत्काल कार्ययोजना तैयार की जाए और एक सप्ताह के भीतर सफाई कार्य शुरू किया जाए। साथ ही नगर पालिका शिवालिक नगर एवं ग्राम पंचायत क्षेत्रों में भी सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून से पहले सभी नालों की सफाई हर हाल में पूरी की जाए, ताकि जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए तहसीलदार को निर्देश दिए गए कि नालों पर हुए अतिक्रमण को चिन्हित कर संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए जाएं और तय समय सीमा में अतिक्रमण न हटाने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नील खुदाना ज्वालापुर वार्ड संख्या 46 के निरीक्षण के दौरान भी नगर आयुक्त को सफाई व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
विधायक आदेश चौहान ने जिलाधिकारी के इस कदम को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की समस्या से जल्द राहत मिलेगी और लोगों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, खंड विकास अधिकारी मानस मित्तल, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, अधिशासी अधिकारी मौ. तारिक खान, तहसीलदार सचिन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

