हरिद्वार(नीति शर्मा)। प्रधानमंत्री की ईंधन बचाने की अपील को जनपद स्तर पर प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित ने गुरुवार को एक सराहनीय पहल करते हुए अपने आवास से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पैदल पहुंचकर संदेश देने का प्रयास किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री की “ईंधन बचाओ” मुहिम को सफल बनाने में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जनपद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि जिनका आवास कार्यालय के निकट है, वे यथासंभव पैदल ही कार्यालय पहुंचें, जिससे ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके।
डीएम ने यह भी बताया कि प्रशासनिक बैठकों को अधिकतम वर्चुअल माध्यम से संचालित किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर ही संबंधित अधिकारियों को भौतिक रूप से बैठक में बुलाया जाएगा। इससे अनावश्यक यात्रा और ईंधन खपत में कमी लाई जा सकेगी।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने बिजली बचत पर भी जोर देते हुए सभी विभागों को निर्देश दिए कि अनावश्यक रूप से विद्युत उपकरणों और लाइटों का उपयोग न किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यालय या कक्ष से बाहर जाते समय लाइट, पंखे, एसी एवं अन्य उपकरण बंद करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से भी अपील करते हुए कहा कि सभी लोग प्रधानमंत्री की ईंधन बचाओ मुहिम में सहभागी बनें और दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण में योगदान दें।




