हरिद्वार/रुड़की(अनिल शीर्षवाल)। बर्थडे पार्टी में तमंचा लहराकर डिस्को डांस करना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली रुड़की क्षेत्र में एक युवक का अवैध असलाह के साथ डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो में युवक बर्थडे पार्टी के दौरान तमंचा लहराते हुए नजर आ रहा था। मामले का संज्ञान लेते हुए कोतवाली रुड़की पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की पहचान कर उसे सर्विस लाइन डबल फाटक क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान अंशुल कुमार (22 वर्ष) पुत्र देवेन्द्र राम निवासी शाकुम्बरी इन्क्लेव, दिल्ली रोड, कोतवाली रुड़की के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 203/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में एसआई पुष्पेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल रजत चौधरी, हेड कांस्टेबल नूर मलिक, कांस्टेबल अरविंद कुमार और अनिल शर्मा शामिल रहे।
एक बड़ा सवाल:
लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि हरिद्वार जिले में अवैध तमंचों की सप्लाई आखिर कहां से हो रही है और युवाओं तक ये हथियार इतनी आसानी से कैसे पहुंच रहे हैं।


