रुड़की(नीति शर्मा)। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर मैथोडिस्ट गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, रुड़की के प्रांगण में 84 यूके बटालियन एनसीसी रुड़की के कमान अधिकारी के निर्देशानुसार जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य तंबाकू एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति छात्राओं और समाज को जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। साथ ही नशा मुक्ति अभियान के तहत कैडेट्स ने तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों एवं सामाजिक दुष्परिणामों पर अपने विचार व्यक्त किए तथा लोगों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
महाविद्यालय की प्रवक्ता डॉ. अनुपमा वर्मा ने कैडेट्स को तंबाकू सेवन से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी हानियों की जानकारी देते हुए स्वयं स्वस्थ रहने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की जागरूकता से ही स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।

महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने छात्राओं को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य करने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम में एनसीसी प्रशिक्षक संजय तिवारी, डॉ. विजय लक्ष्मी, डॉ. पुष्पांजलि, मिसेज अंकिता, मिसेज राधिका एवं मिसेज नीरा पाहवा सहित अन्य प्रवक्तागण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं मार्गदर्शन में एनसीसी ट्रेनिंग अधीक्षक रवि कपूर का विशेष योगदान रहा।






