रुड़की(श्रवण गिरी)। मैथोडिस्ट गर्ल्स पी.जी. कॉलेज रुड़की की छात्राओं के लिए सी.एस.आई.आर.-सीबीआरआई रुड़की में आयोजित तीन दिवसीय स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम (आपदा प्रबंधन) का बुधवार को सफल समापन हुआ। कार्यशाला के तृतीय दिवस पर छात्राओं को आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. देव दत्ता घोष ने सुनामी के प्रभाव, उसकी संरचना तथा पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना शहरीकरण को विकसित करने के उपायों पर प्रकाश डाला। वहीं सागर तोमर ने छात्राओं को कूलिंग मैकेनिज्म से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

इंजीनियर कौशिक पंडित ने भूकंपीय जोन, प्राकृतिक खतरों (हैजार्ड) की पहचान तथा भूकंप के एपिसेंटर का पता लगाने की वैज्ञानिक प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा इंजीनियर सिद्धार्थ बेहरा ने चक्रवातों से सुरक्षित आवास, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की चुनौतियों तथा उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यशाला में छात्राओं को अग्निशमन यंत्रों के प्रयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया तथा सीबीआरआई के एग्जीबिशन हॉल का भ्रमण कराया गया। वैलिडिक्टरी सत्र में महाविद्यालय की डॉ. आयशा फरहीन एवं मिसेज अंकिता सेठी ने सीबीआरआई के वैज्ञानिकों का आभार व्यक्त करते हुए इस उपयोगी प्रशिक्षण कार्यक्रम के आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी छात्राओं को तीन दिवसीय प्रशिक्षण में सहभागिता के लिए प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं के साथ डॉ. पुष्पांजलि, डॉ. आयशा फरहीन एवं मिसेज अंकिता सेठी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





