हरिद्वार(नीति शर्मा)। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा 14 जून 2026 को आयोजित की जाने वाली स्नातक स्तरीय पदों की लिखित प्रतियोगी परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा जनपद के 53 परीक्षा केंद्रों पर प्रातः 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था की गई है। इसके लिए नोडल अधिकारी, जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जिन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, बैठने की समुचित सुविधा तथा अभ्यर्थियों के लिए सुगम प्रवेश एवं निकास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा से पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा से पूर्व होटल, लॉज, गेस्ट हाउस और कोचिंग संस्थानों की सघन जांच भी की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा से एक दिन पूर्व पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सभी केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही सीसीटीवी कैमरों, जैमर एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता की जांच भी सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा दिवस पर सुबह 8 बजे से परीक्षा केंद्र परिसरों की सघन चेकिंग एवं सैनिटाइजेशन किया जाएगा।
अभ्यर्थियों के प्रवेश के दौरान फ्रिस्किंग की व्यवस्था रहेगी, जिसमें महिला अभ्यर्थियों के लिए महिला कर्मियों की तैनाती की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों का प्रवेश केवल मुख्य द्वार से ही होगा तथा अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
जिलाधिकारी ने परीक्षा अवधि के दौरान धारा 163 के कड़ाई से अनुपालन के निर्देश देते हुए परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने को कहा। साथ ही परिवहन, चिकित्सा एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपम रामचंद्र सेठ, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, नगर मजिस्ट्रेट हरगिरी, नगर आयुक्त रुड़की गोपाल राम बिनवाल, उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं परीक्षा केंद्रों के लिए नियुक्त ऑब्जर्वर उपस्थित रहे।






