हरिद्वार(नीति शर्मा)। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर राज्य मंत्री सुनील सैनी ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों का विश्वास, एक प्रधानसेवक का संकल्प और विकसित भारत की ओर बढ़ता राष्ट्र आज दुनिया के सामने नई पहचान बना रहा है।
सुनील सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने राजनीति से आगे बढ़कर प्रगति को, तुष्टिकरण से आगे बढ़कर सशक्तिकरण को चुना है तथा आशाओं को उपलब्धियों में बदलने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकालने से लेकर नारी शक्ति को नए अवसर प्रदान करने तक, देवालय से शौचालय तक, चंद्रयान-3 की सफलता से लेकर ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना को विश्व पटल पर स्थापित करने तक, देश ने अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विकास, गरीबों के कल्याण और राष्ट्रहित के लिए पूरी निष्ठा के साथ समर्पित रहे हैं। उनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद से देवभूमि उत्तराखंड भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है।
सुनील सैनी ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर और केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण जैसे कार्य देश के सांस्कृतिक गौरव और आध्यात्मिक विरासत को सशक्त करने वाले ऐतिहासिक कदम हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद देशवासियों को आगे भी मिलता रहे तथा भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ता रहे।






