हरिद्वार(मनोज यादव)। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सलेमपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय सुमननगर के सामने बनने वाले पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर रानीपुर विधानसभा के विधायक आदेश चौहान ने निर्माण कार्य का उद्घाटन करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि पार्क के सौंदर्यीकरण से स्थानीय बच्चों, बुजुर्गों एवं क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होगा। पार्क में हरित क्षेत्र के विकास, बैठने की व्यवस्था, पाथवे तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को विकसित किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी, सुमननगर विकास समिति के पदाधिकारी तथा विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
वक्ताओं ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों के विकास से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है, बल्कि सामाजिक गतिविधियों और सामुदायिक सहभागिता को भी मजबूती मिलती है। क्षेत्रवासियों ने पार्क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य शुरू होने पर विधायक का आभार व्यक्त किया।





