हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व से ठीक पहले हरिद्वार पुलिस ने धर्म और आस्था की आड़ में लोगों को ठगने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 फर्जी बाबाओं को हिरासत में लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने शनिवार को यह विशेष अभियान चलाया।
पुलिस जांच में सामने आया कि ये लोग साधु-संतों का वेश धारण कर श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को घरेलू, पारिवारिक तथा व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान का झूठा आश्वासन देकर गुमराह कर रहे थे। धार्मिक आस्था का लाभ उठाकर लोगों से ठगी और भ्रम फैलाने की शिकायतों के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की।
प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में व्यापक सत्यापन और चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पकड़े गए सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की गई है।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि धर्म और आस्था के नाम पर भोले-भाले लोगों का शोषण करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार 21 आरोपितों में बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और मध्य प्रदेश के निवासी शामिल हैं। इनकी आयु 25 वर्ष से 78 वर्ष के बीच है।
पकड़े गए लोगों में विभीषण (बिहार), राम बाबू (आगरा), बच्चू सिंह (हरियाणा), राम जन्म यादव (गया, 78 वर्ष), अजब सिंह (शामली, 66 वर्ष) सहित अन्य आरोपी शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि आगामी स्नान पर्वों और धार्मिक आयोजनों के दौरान भी ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा दोनों बनी रहें।







