विकासनगर (देहरादून)। सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह संयोजक विनोद कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में 12 नामजद समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। आक्रोशित हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों ने आरोपितों के घरों पर पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की। कुछ स्थानों पर आरोपितों का सामान भी जलाए जाने की सूचना है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की शांति और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाली हिंसक मानसिकता को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम पानी के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर के आधार पर दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि दर्जनों लोग लाठी-डंडों, हथौड़ों और अन्य हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचे और परिवार पर हमला कर दिया। हमले में विनोद कुमार की हथौड़े से वार कर हत्या कर दी गई, जबकि अशोक कुमार, राजेश और सुषमा गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने इस मामले में रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं प्रशासन और पुलिस की टीम बुलडोजर के साथ आरोपितों के घरों पर पहुंची और जांच के बाद कार्रवाई शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।







