बहादराबाद(अनिल शीर्षवाल)। क्षत्रिय चौहान महासभा द्वारा गणपति फार्म हाउस, बहादराबाद में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, खेलकूद एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 200 छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान ने की, जबकि संचालन महामंत्री एडवोकेट उत्तम सिंह चौहान ने किया। समारोह में रानीपुर विधायक आदेश चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान, पूर्व राज्य मंत्री ठाकुर सुशील चौहान एवं पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष संतोष चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में राजेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करना हमारी जिम्मेदारी है। मेधावी छात्र-छात्राएं देश और समाज का भविष्य हैं तथा ऐसे आयोजन उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्य अतिथि विधायक आदेश चौहान ने कहा कि शिक्षा और खेल व्यक्तित्व निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं। सम्मानित होने वाले सभी छात्र-छात्राएं अपने परिवार, समाज और क्षेत्र का गौरव हैं। उनकी उपलब्धियां अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहन और अवसर मिलना चाहिए ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले तुषार चौहान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एच.के. सिंह, कोटद्वार क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, महासभा के कोषाध्यक्ष नंदलाल राणा, उपाध्यक्ष एडवोकेट राजकुमार चौहान, मंत्री राजकुमार चौहान, अरविंद चौहान, पवन चौहान, मोहित चौहान, प्रधान नीरज चौहान, बिजेंद्र चौहान, पूरण चौहान, धर्मेंद्र चौहान, क्षेत्रपाल चौहान, दिनेश चौहान, बसंत चौहान, जयंत चौहान, मनीष चौहान सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, अभिभावक, युवा एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।






