बहादराबाद(मनोज यादव)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में संघ के बहादराबाद खंड द्वारा रविवार को माँ सरस्वती सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, बहादराबाद में “युवा समागम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक राकेश ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ऊर्जा है। युवाओं में संस्कार, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभाव का विकास कर उन्हें समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत के उज्ज्वल भविष्य की जिम्मेदारी युवा पीढ़ी के कंधों पर है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर डॉ. लक्ष्मीनारायण जोशी, संस्थापक विभागाध्यक्ष, योग ज्ञान विभाग एवं डीन, आधुनिक ज्ञान विज्ञान संकाय, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार ने की। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कार और आधुनिक शिक्षा के समन्वय को युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया।

समागम में खेलकूद एवं प्रतियोगिताओं के साथ संवाद एवं बौद्धिक सत्र आयोजित किए गए। विभिन्न गतिविधियों में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने उत्साह एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभाग महाविद्यालयीन कार्य प्रमुख रोहित चौहान, खंड कार्यवाह आदित्य, जिला व्यवस्था प्रमुख मुनेश जी, खंड संपर्क प्रमुख पुष्पेंद्र, खंड सेवा प्रमुख ब्रजनीश, खंड व्यवस्था प्रमुख चिरंजीव, खंड सह-व्यवस्था प्रमुख सुरेश, गणपति जी एवं कुलदीप जी सहित संघ के अनेक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में युवा एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। समापन अवसर पर युवाओं ने राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता, सेवा एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।



