पिरान कलियर(श्रवण गिरी)। कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी को घटना के महज एक दिन के भीतर दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम बढ़ेड़ी राजपुताना निवासी नफीस पुत्र सादाक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल संख्या UK17L-5423 को कलियर स्थित टीन शेड से अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर कोतवाली कलियर में मुकदमा अपराध संख्या 208/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत कलियर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर धनौरी एनआईसी तिराहे के पास घेराबंदी कर 19 वर्षीय आशिक पुत्र शौकत निवासी महमूदपुर, थाना कलियर को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने दैनिक खर्चों की पूर्ति के लिए बाइक चोरी कर उसे बेचने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल खराब हो गई और पुलिस ने उसे धर दबोचा। पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को कब्जे में लेते हुए मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल (काला-लाल रंग) बरामद की है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मुनव्वर हुसैन, हेड कांस्टेबल इसरार अली एवं हेड कांस्टेबल माजिद खान शामिल रहे।


