हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी और अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कनखल पुलिस ने शादी समारोह में हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को थाना कनखल क्षेत्र के वाटिका फार्म, लक्सर रोड, जगजीतपुर में आयोजित शादी समारोह के दौरान एक व्यक्ति ने हवाई फायरिंग की थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया।
इस संबंध में 16 अगस्त 2026 को पुलिस कर्मी ललित मोहन की ओर से योगेश कुमार पुत्र मनोज कुमार, निवासी टांडा महतोली, सुल्तानपुर, कोतवाली लक्सर, हरिद्वार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए योगेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही और कब्जे से हर्ष फायरिंग में प्रयुक्त मेड इन इंडिया पिस्टल बरामद की गई। पुलिस ने पिस्टल जब्त कर आरोपित के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपित का चालान कर दिया गया है।

