हरिद्वार(नीति शर्मा)। सेक्टर भूपतवाला में पोषण पखवाड़े के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रीय महिलाओं के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने रंगोली बनाकर तथा पौष्टिक व्यंजन तैयार कर लोगों को स्वस्थ आहार के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया।
इस अवसर पर मिशन आरंभ के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, ताकि वे अपने केंद्रों पर बच्चों के समग्र विकास को और बेहतर तरीके से सुनिश्चित कर सकें।
सुपरवाइजर रिचा गर्ग के निर्देशन में बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के माध्यम से बाल विवाह को दंडनीय अपराध बताते हुए लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही उपस्थित महिलाओं, कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को एक वीडियो क्लिप के जरिए बाल विवाह से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में जन जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक व्यापक रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने सहभागिता की।



