हरिद्वार(नीति शर्मा)। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि उन्हें रोजगार के लिए अपना घर और राज्य छोड़ने की मजबूरी न हो।
उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी के पास नया विजन, बेहतर सोच और कुछ कर गुजरने का जज्बा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत से ही युवाओं के हितों के लिए लगातार कार्य करते रहे हैं। देवभूमि उत्तराखंड एक पर्वतीय राज्य होने के बावजूद यहां के युवाओं के सपने बड़े हैं और वे उन्हें पूरा करने का साहस भी रखते हैं।
सुनील सैनी ने कहा कि आने वाले समय में यही युवा वैज्ञानिक, शिक्षक, खिलाड़ी, नेता और अभिनेता बनकर राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। युवाओं में अनेक विशेषताएं होती हैं और उनकी जिज्ञासा उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करती है।
उन्होंने बताया कि धामी सरकार अब तक लगभग 35 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान कर चुकी है। हाल ही में देहरादून में आयोजित रोजगार मेले में 249 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। सरकार युवाओं को निशुल्क कोचिंग सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जिससे उन्हें आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।
राज्य मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं के लिए पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कार्य किया है। अब भर्ती प्रक्रियाएं योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर संपन्न हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की पूरी क्षमता रखते हैं।
सुनील सैनी ने युवाओं से अपनी ऊर्जा को राज्यहित और राष्ट्रहित में लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा ही देश और प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



