हरिद्वार(नीति शर्मा)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार उद्योगों के लिए केवल नियामक नहीं, बल्कि सहयोगी और सहभागी की भूमिका निभा रही है। राज्य में निवेश, उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए पारदर्शी एवं सरल व्यवस्था विकसित की गई है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
गुरुवार को हरिद्वार में आयोजित 7वें सीआईआई उत्तराखण्ड इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो-2026 में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार आध्यात्मिक नगरी होने के साथ-साथ प्रदेश के औद्योगिक विकास का भी प्रमुख केंद्र बन चुका है। ऐसे आयोजन उद्योग, व्यापार, निवेश और नवाचार को एक मंच प्रदान कर राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देते हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों के कारण प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। निवेशकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ पोर्टल और सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से 26 विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और चारधाम सड़क परियोजना से औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के उद्देश्य से स्टार्टअप और नवाचार को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसके लिए 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। वहीं ऊधमसिंह नगर के खुरपिया में 1002 एकड़ क्षेत्र में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि औद्योगिक विकास को पहाड़ी जिलों तक पहुंचाने के लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। हरिद्वार में छोटे उद्यमियों के लिए फ्लैटेड फैक्ट्री का निर्माण किया जा रहा है, जबकि भविष्य में सेलाकुई और पंतनगर में भी ऐसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उत्तराखंड में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने उद्योग जगत से गुणवत्ता और नवाचार के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न औद्योगिक इकाइयों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इससे पूर्व उन्होंने पुलिस लाइन हेलीपैड पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में विधायक आदेश चौहान, राज्य मंत्री आदेश सैनी, सीआईआई उत्तराखंड के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, इंडस्ट्री सचिव विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित उद्योग एवं व्यापार जगत के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




