बहादराबाद(मनोज यादव)। सिडकुल क्षेत्र स्थित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में संविदा श्रमिकों के बीच वेतन बढ़ोतरी को लेकर उत्पन्न भ्रम की स्थिति को श्रम विभाग ने वार्ता के माध्यम से समाप्त कर दिया है। लगभग 25 औद्योगिक प्रतिष्ठानों के श्रमिकों द्वारा वेतन बढ़ोतरी एवं अन्य मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया था, जिसके बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सिडकुल क्षेत्र के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया तथा श्रम विभाग को श्रमिक समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार एवं सहायक श्रम आयुक्त हरिद्वार प्रशांत कुमार ने दोनों पक्षों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में वार्ता कराते हुए सभी समस्याओं का समाधान कराया और आपसी समझौता संपन्न कराया।
सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार ने बताया कि श्रमिकों में वेतन बढ़ोतरी को लेकर फैली अफवाहों एवं भ्रम को दूर करने के लिए विभाग द्वारा लगातार संवाद किया गया। राज्य सरकार द्वारा जारी न्यूनतम वेतन, परिवर्तनीय महंगाई भत्ते तथा गैर-इंजीनियरिंग एवं इंजीनियरिंग उद्योगों में 1 अप्रैल 2026 से लागू पुनरीक्षित न्यूनतम वेतन की जानकारी श्रमिकों को प्रेस नोट एवं वीडियो फुटेज के माध्यम से उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने कहा कि यदि किसी श्रमिक को वेतन संबंधी कोई शिकायत होती है तो वह सबसे पहले श्रम विभाग के संज्ञान में मामला लाए, जिससे समयबद्ध तरीके से उसका समाधान किया जा सके। वर्तमान में सभी श्रमिक समस्याओं का समाधान कर लिया गया है और सिडकुल क्षेत्र में कहीं कोई धरना-प्रदर्शन नहीं चल रहा है। सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों में श्रमिक सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं तथा औद्योगिक शांति कायम है।


