हरिद्वार(नीति शर्मा)। कांवड़ मेला-2026 के आठवें दिन हरिद्वार में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को 39 लाख 15 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
पुलिस कंट्रोल रूम के आंकड़ों के मुताबिक कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से अब तक कुल 2 करोड़ 19 लाख 70 हजार शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं निर्बाध बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा के संचालन में अपना सहयोग प्रदान करें।



