हरिद्वार/लक्सर(अनिल शीर्षवाल)। लक्सर कोतवाली पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान 2/3 अगस्त की रात अपनी मोटरसाइकिल से घर लौटते समय संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच की। विवेचना के दौरान सामने आया कि मृतक की गांव के ही कुछ लोगों से पुरानी रंजिश चल रही थी। संदेह के आधार पर पुलिस ने सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित उर्फ फौजी से पूछताछ की।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपितों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपितों ने बताया कि मृतक अंकित उनके खनन कार्यों की सूचना अधिकारियों को देता था, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने 2 अगस्त की रात रास्ते में रोककर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद शव को मोटरसाइकिल के साथ बांधकर शिवपुरी गांव के पास गंगा नदी में डुबो दिया गया। आरोपितों की निशानदेही पर एसडीआरएफ की मदद से नदी से शव और मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
मामले में पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपित अंकित उर्फ फौजी पूर्व में भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
इस हत्याकांड के सफल खुलासे में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी, एसएसआई नितिन चौहान, चौकी प्रभारी राजीव उनियाल, यशवीर नेगी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

